छत्तीसगढ़ :– मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है, जहाँ 11 जून से प्रदेश भर में बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मॉनसून के प्रवेश के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
आज रायपुर और बिलासपुर संभाग में गरज-चमक के साथ अंधड़ और बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए प्रदेश के एक-दो स्थानों पर वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। इस बदलाव के चलते अगले दो दिनों में प्रदेश के औसत तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
