मध्यप्रदेश:–भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को देश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत करीब 17 राज्यों में मौसम (Aaj Ka Mausam) अचानक करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना (Weather Forecast) है। इसके चलते तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने लोगों के मोबाइल पर भी अलर्ट संदेश जारी कर अगले दो से तीन घंटे के भीतर तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत की ओर मानसून तेजी से बढ़ रहा है और आगामी दिनों में कई राज्यों में इसका असर देखने को मिलेगा।
छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मेघ गर्जन, तेज हवा और मध्यम बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग ने संभावना व्यक्त की है कि अगले एक-दो दिनों में मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। शुक्रवार को राजधानी रायपुर में 37.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बरमकेला, नारायणपुर, नगरी और छोटेडोंगर सहित कई इलाकों में दो से चार सेंटीमीटर तक वर्षा हुई। हालांकि मानसून पूर्व बारिश की कमी ने चिंता भी बढ़ा दी है। प्रदेश में 1 जून से 12 जून तक औसत 17.7 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 47 प्रतिशत कम है।
राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कबीरधाम और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में हालात अधिक गंभीर हैं, जहां 90 से 100 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश को फिलहाल ‘न्यूनतम’ श्रेणी में रखा है।
कई राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। अगले दो से तीन दिनों में इसके उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ तक पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
आज पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तेज आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी और छत्तीसगढ़ में मौसम बना जानलेवा
उत्तर प्रदेश में पिछले दस दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है। बुधवार और गुरुवार को 52 जिलों में आंधी-बारिश और तूफान से कई लोगों की मौत हो गई थी। शुक्रवार को भी दो लोगों की जान चली गई।
मुरादाबाद में कच्चे मकान की छत गिरने से एक वृद्धा की मौत हो गई, जबकि मेरठ में बिजली गिरने से 17 वर्षीय छात्र की जान चली गई।
वहीं छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से उपसरपंच समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
22 जून से तेज होंगी प्री-मानसून गतिविधियां
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पाकिस्तान क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में बड़ा बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि लगभग एक सप्ताह बाद नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 22 जून से प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो जाएंगी। 25 जून के बाद मानसून पूरे उत्तर प्रदेश में पहुंच सकता है। हालांकि इस बार मानसून निर्धारित समय से चार-पांच दिन देरी से आने की संभावना जताई जा रही है।
