रायपुर:– केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने रायपुर स्थित इट्सा हॉस्पिटल्स का दौरा कर अस्पताल की विभिन्न चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और यहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा अवसंरचना, अत्याधुनिक तकनीक तथा मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए इट्सा हॉस्पिटल्स को देश के बेहतरीन स्वास्थ्य संस्थानों में से एक बताया।

दौरे के दौरान श्री गिरिराज सिंह जी ने अस्पताल के चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों के साथ विस्तृत संवाद किया। चर्चा के दौरान देश में स्वास्थ्य सेवाओं के विकास, चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे तकनीकी नवाचारों, आधुनिक उपचार पद्धतियों, मेडिकल रिसर्च तथा भविष्य की स्वास्थ्य आवश्यकताओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही भारत को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाने तथा गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई।
संवाद के दौरान मान्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया गया। कृषि, सड़क एवं परिवहन, रेल अवसंरचना, डिजिटल सेवाएं, विनिर्माण, कौशल विकास और स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए व्यापक बदलावों ने देश की विकास यात्रा को नई दिशा प्रदान की है। विशेष रूप से स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को विकसित भारत के निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला बताया गया।
अस्पताल निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह जी ने इट्सा हॉस्पिटल्स में उपलब्ध विश्वस्तरीय रोबोटिक रिहैबिलिटेशन सुविधाओं, मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए विकसित आधुनिक अटेंडर लाउंज, वीआईपी कक्षों तथा अन्य उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल की आधुनिक सोच, मरीज-केंद्रित सुविधाओं एवं विश्वस्तरीय व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, तकनीक-संचालित सेवाओं और मरीजों के प्रति समर्पित देखभाल व्यवस्था की सराहना की।

इस अवसर पर इट्सा हॉस्पिटल्स प्रबंधन ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में “उत्कृष्टता” (Excellence) का एक नया मानक स्थापित करना है। अस्पताल की कार्यसंस्कृति मरीज-केंद्रित देखभाल, नैतिक चिकित्सा, अत्याधुनिक तकनीक और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित है। संस्थान का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मरीजों और उनके परिजनों को सम्मान, विश्वास और संवेदनशीलता प्रदान करना भी चिकित्सा सेवा का अभिन्न हिस्सा है।
प्रबंधन ने यह भी साझा किया कि इट्सा हॉस्पिटल्स अपने कार्यों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र निर्माण के दृष्टिकोण तथा भारत रत्न स्वर्गीय श्री रतन टाटा जी के सेवा, नवाचार, उत्कृष्टता और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों से प्रेरणा प्राप्त करता है। इन्हीं आदर्शों को ध्यान में रखते हुए संस्थान विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि इट्सा हॉस्पिटल्स ने अत्यंत कम समय में स्वास्थ्य क्षेत्र में अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित की है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, उत्कृष्ट मरीज देखभाल, सेवा-प्रधान दृष्टिकोण एवं विश्वस्तरीय स्वास्थ्य अवसंरचना के कारण संस्थान ने अल्पावधि में ही विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य व्यक्तियों का ध्यान आकर्षित किया है। स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता के प्रति इसकी प्रतिबद्धता ही इसकी बढ़ती प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता का आधार बनी है।
इट्सा हॉस्पिटल्स अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, अनुभवी चिकित्सकों एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। संस्थान का लक्ष्य स्वास्थ्य सेवा, नवाचार और मरीजों की देखभाल के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करते हुए देश के अग्रणी स्वास्थ्य संस्थानों में स्थान प्राप्त करना है।
