नई दिल्ली:– सनी देओल और निर्देशक राजकुमार संतोषी की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही है। दोनों की आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म के मोशन पोस्टर्स पहले ही चर्चा बटोर चुके हैं। अब मेकर्स ने फिल्म की पूरी स्टार कास्ट के किरदारों का फर्स्ट लुक जारी कर दिया है।
फिल्म में दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी दुर्गावती देवी उर्फ ‘माई’ के किरदार में नजर आएंगी। उनके पोस्टर में वह सफेद साड़ी और बिना मेकअप के बेहद सादगीपूर्ण लुक में दिखाई दे रही हैं। चेहरे पर दर्द और संघर्ष की झलक उनके किरदार की गहराई को बयां करती है। उनका यह लुक फिल्म की भावनात्मक कहानी की ओर इशारा करता है।
बंटवारा 1947’ में सनी देओल सिकंदर मिर्जा की भूमिका निभा रहे हैं। नए पोस्टर में वह किसी का हाथ थामे बेहद भावुक नजर आ रहे हैं। उनकी आंखों में दर्द और चेहरे पर संघर्ष साफ दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि फिल्म एक ऐसे इंसान की कहानी है, जिसने विभाजन के दौर में नफरत और हिंसा के बीच इंसानियत और साहस का परिचय दिया।
लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर लौट रहीं प्रीति जिंटा का लुक भी काफी प्रभावशाली है। वह हमीदा बेगम के किरदार में नजर आएंगी। पोस्टर में सिर पर पल्लू और आंखों में दर्द लिए उनका सहमा हुआ चेहरा दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। वहीं सनी देओल के बेटे करण देओल जावेद मिर्जा के रोल में दिखाई देंगे। उनका गंभीर और इंटेंस लुक संकेत देता है कि फिल्म में उनका किरदार कहानी का अहम हिस्सा होगा।
अली फजल और अभिमन्यु सिंह की भूमिकाएं
अभिनेता अली फजल फिल्म में हबीब अनवर का किरदार निभा रहे हैं। बढ़े हुए बालों और गंभीर चेहरे के साथ उनका लुक भी काफी प्रभावशाली नजर आ रहा है। वहीं अभिमन्यु सिंह का पोस्टर भी सामने आया है, जिन्हें फिल्म का मुख्य विरोधी किरदार माना जा रहा है। स्टार कास्ट के लुक जारी करते हुए मेकर्स ने लिखा, “बंटी हुई दुनिया में, उनकी कहानी हिम्मत की मिसाल थी। मिलिए उन लोगों से जिन्होंने यह सब सहा। ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को रिलीज होगी।
