नई दिल्ली:– देश में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत वाला अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार समेत 21 राज्यों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान राज्यों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चलने की संभावना जताई गई है। तो वहीं, पूर्वी राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी भारी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों को भारी बारिश के दौरान खेत में जाने से बचने के लिए कहा गया है।
ओले गिरने की संभावना
वहीं, पहाड़ी राज्यों में लोगों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। आंधी-तूफान के चलते कुछ जगहों पर बड़े-बड़े वृक्ष धाराशायी हो सकते हैं। इस बीच, कुछ राज्यों में ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों और उससे सटे इलाकों में निचले ट्रोपोस्फेरिक लेवल पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी मध्यम और ऊपरी ट्रोपोस्फेरिक लेवल पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन मौजूद है।
उत्तराखंड में आंधी की चेतावनी
उत्तराखंड के कई जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी जाकी की गई है। पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, उधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, टिहरी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और चंपावत में बारिश-आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
महाराष्ट्र में मध्यम वर्षा की संभावना
महाराष्ट्र राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में मानसून सक्रिय रहने वाला है, जिससे हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मुंबई और पुणे में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की फुहारें पड़ने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश संभव
जम्मू-कश्मीर में भी हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। जम्मू, कठुआ, अनंतनाग, पुलवामा, किश्तवाड़, बारामूला, पुंछ और उधमपुर में हल्की बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
