छत्तीसगढ़:– जमीन खरीदी के नाम पर किसानों से धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। तिल्दा-नेवरा निवासी दास जी साहू ने मामले में तीन प्रमुख आरोपियों के खिलाफ CBI जांच की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़, पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ और कलेक्टर रायपुर को आवेदन भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
दास जी साहू का आरोप है कि संबंधित लोग किसानों से जमीन खरीदने की बात कहकर उन्हें अपने झांसे में लेते हैं। आरोप है कि किसानों को मंत्रालय में किसी बड़े अधिकारी के लिए जमीन खरीदने की बात बताई जाती है और 15 से 20 दिन या एक महीने के भीतर रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया जाता है। इसके बाद कथित तौर पर कई महीनों तक रजिस्ट्री नहीं कराई जाती और संपर्क करने पर आरोपी घर पर भी नहीं मिलते।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह की शिकायतें केवल एक मामले तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रदेश के अन्य किसानों के साथ भी ऐसी घटनाएं होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दास जी साहू ने आवेदन में मांग की है कि तीनों आरोपियों के साथ-साथ कथित मिलीभगत में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जाए। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित आपराधिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए।
शिकायतकर्ता का कहना है कि मामले की CBI जांच होने से पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है और भविष्य में किसानों के साथ इस तरह की धोखाधड़ी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकेगी।
