नई दिल्ली:– फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पुर्तगाल में अपनी गर्लफ्रेंड जॉर्जिना रोड्रिग्ज से शादी कर ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने मंगलवार को कोर्ट मैरिज की।
रोनाल्डो और जॉर्जिना 2016 में मैड्रिड में मिले थे। दोनों तभी से साथ हैं। दोनों के चार बच्चे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अंगूठियां पहने हुए फोटो भी शेयर की है।
एक साल पहले सगाई की थी
रोनाल्डो और जॉर्जिना ने आज से ठीक एक साल पहले 12 अगस्त 2025 को सगाई की थी। उस वक्त जॉर्जिना ने इंस्टाग्राम पर एंगेजमेंट रिंग की फोटो शेयर की थी और कैप्शन में लिखा था, ‘हां, मैं आपसे प्यार करती हूं। इस जिंदगी और आने वाली हर जिंदगी में।’
रोनाल्डो और जॉर्जिना 10 साल से डेट कर रहे हैं। दोनों ने 2017 की शुरुआत में अपने रिश्ते की पुष्टि की थी और ज्यूरिख में फीफा फुटबॉल अवार्ड्स में पहली बार साथ दिखाई दिए थे।
5 बच्चों के पिता हैं रोनाल्डो
जॉर्जिना स्पेनिश मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। रोनाल्डो और जॉर्जिना के चार बच्चे हैं। एवा मारिया और मातेओ का जन्म 2017 में सरोगेसी से हुआ था। 2017 में ही जॉर्जिना ने बेटी अलाना मार्टिना और 2022 में बेला एस्मेराल्डा को जन्म दिया था।
41 साल के रोनाल्डो का एक और बेटा है। क्रिस्टियानो रोनाल्डो जूनियर, जिनका जन्म 2010 में हुआ था। रोनाल्डो जूनियर की मां की पहचान रोनाल्डो ने कभी उजागर नहीं की।
2010 में जब उनके बेटे का जन्म हुआ, तब रोनाल्डो ने कहा था कि मां अपनी पहचान गोपनीय रखना चाहती हैं और बच्चे की जिम्मेदारी/कस्टडी वे खुद संभालेंगे।
