नई दिल्ली:– देश के कई हिस्सों में मानसून का कहर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 1 सितंबर को दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 17 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बताया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम और केरल में आज मौसम खराब रह सकता है। कई इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की भी आशंका है।
यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, नोएडा, आगरा, मथुरा, चित्रकूट, बांदा, सोनभद्र, मिर्जापुर, कानपुर, सीतापुर, बाराबंकी, झांसी, ललितपुर, प्रयागराज और गोरखपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवा चल सकती है। हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है।
दिल्ली में शाम को बारिश की संभावना
राजधानी दिल्ली में आज शाम कई इलाकों में बारिश और तेज हवा चल सकती है। हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। दिल्ली में दिन का तापमान करीब 34 डिग्री और रात का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तराखंड के कई जिलों में हाई अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड के देहरादून, ऋषिकेश, नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली और रुद्रप्रयाग जैसे इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, झारखंड के रांची, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, धनबाद, गिरिडीह और हजारीबाग समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है।
बिहार में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
बिहार के पटना, सिवान, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, बेगूसराय, भागलपुर, मुंगेर, सहरसा और सुपौल समेत कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और सोलन में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चलेंगी। जम्मू-कश्मीर के जम्मू, अनंतनाग, कठुआ, पुंछ, बारामूला और रियासी में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी मौसम खराब
राजस्थान के जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बांसवाड़ा और जयपुर समेत कई जगहों पर बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मध्य प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, विदिशा, सागर, रायसेन और नीमच समेत कई जिलों में भी बारिश का अलर्ट है। किसानों और सफर करने वाले लोगों को मौसम का अपडेट देखकर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
