छत्तीसगढ़ :- मौसम ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया है। लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में हालात बिगड़े हुए हैं। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। हालांकि, 27 सितंबर के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। आसमान में घने बादल छाए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। बीते 24 घंटों में रायपुर में 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी रायपुर में बादल छाए रहेंगे और कई दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
भारी बारिश की संभावना मुख्य रूप से सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में जताई गई है। इसके अलावा कुछ इलाकों में वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिणी आंतरिक ओडिशा के ऊपर बना अवदाब उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसकी रफ्तार करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे बताई गई है। मौसम प्रणाली के अगले करीब 12 घंटे तक अपनी मौजूदा तीव्रता बनाए रखने की संभावना है।
इसके बाद इसके कमजोर पड़ने और अगले 12 घंटों में चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई है। इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिल रहा है।
पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश ने जोर पकड़ा। कई इलाकों में भारी से लेकर अत्यधिक भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। जगदलपुर में 25 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई, जो इस अवधि में सबसे अधिक रही।
इसके अलावा लोहंडीगुड़ा में 23 सेंटीमीटर, बास्तानार और नानगुर में 22 सेंटीमीटर, भनपुरी और मदार्पाल में 21 सेंटीमीटर तथा तोकापाल और माकड़ी में 20 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं बस्तर और केशकाल में 19 सेंटीमीटर, बचेली में 18 सेंटीमीटर, देवभोग में 17 सेंटीमीटर और कोहकामेटा में 16 सेंटीमीटर बारिश हुई।
अंतागढ़, मैनपुर, धनोरा, अमलीपदर, नारायणपुर, दरभा, ओरछा, बकावंड-बड़े, छिंदगढ़, कोंडागांव और छोटेडोंगर में 15-15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। जबकि नेरहरपुर, बड़ेराजपुर, बालोद और कांकेर में 13-13 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
लगातार बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। 27 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है। फिलहाल शनिवार को कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
बारिश के कारण नदी-नालों और निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को उफनते नदी-नालों को पार करने से बचने और मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा नहीं करने की सलाह दी जाती है।
