छत्तीसगढ़:- नगर पालिका आरंग के वार्ड क्रमांक 3 स्थित लोधी पारा के झलमला तालाब का पानी गंदा होने और उससे तेज दुर्गंध आने की समस्या को लेकर मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष संदीप जैन को सामूहिक आवेदन सौंपकर तत्काल कार्यवाही की मांग की है।
भरत लाल लोधी के नेतृत्व में सौंपे गए आवेदन में मोहल्लेवासियों ने बताया कि झलमला तालाब का पानी काफी गंदा हो गया है और तालाब से असहनीय बदबू आ रही है। आवेदन के अनुसार तालाब में मछली पालन भी होता है तथा लंबे समय से पानी की स्थिति खराब होने के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि गंदे पानी और दुर्गंध के कारण स्वच्छता एवं स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है।
उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से तालाब के पानी की जांच कराने, गंदगी की सफाई कराने तथा पानी को स्वच्छ कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। आवेदन में मांग की गई है कि झलमला तालाब की मौके पर जांच कराकर जल्द से जल्द सफाई एवं पानी की समस्या का समाधान किया जाए, ताकि आसपास के रहवासियों को राहत मिल सके।
