छत्तीसगढ़:- महासमुंद पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी अंतर्राज्यीय कार्रवाई करते हुए आंध्र प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना बसना में दर्ज साइबर अपराध के मामले में बी. लक्ष्मणा डोरा को पोलावरम, आंध्र प्रदेश से पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ग्रामीणों को 1,500 से 20 हजार रुपये तक कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था।
इन खातों के एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस जांच में इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड, शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े पैसों के लेन-देन में होने का खुलासा हुआ है। मामले में पहले ही तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
