नई दिल्ली:- वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर सूरजपुर वन मंडल की ओर से प्रकृति और वन्यजीवों की खूबसूरती को कैमरे के जरिए सामने लाने के लिए फोटोग्राफी एवं वीडियो रील प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सभी आयु वर्ग के नागरिक निःशुल्क हिस्सा ले सकते हैं। वन्यजीव सप्ताह 2 से 8 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है और इस वर्ष इसकी थीम ‘पर्यावासों को जोड़ना, वन्यजीवों का फलना-फूलना’ रखी गई है।
प्रतियोगिता का उद्देश्य लोगों में प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाना तथा आम नागरिकों को संरक्षण गतिविधियों से जोड़ना है। प्रतिभागी प्रकृति एवं वन्यजीव विषय पर अपनी स्वयं की खींची हुई मौलिक फोटो अथवा अधिकतम दो मिनट की वीडियो रील प्रतियोगिता के लिए भेज सकते हैं। प्रतियोगिता में केवल प्रतिभागियों द्वारा स्वयं तैयार की गई मौलिक प्रविष्टियों को ही मान्य किया जाएगा।
विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार
फोटोग्राफी और वीडियो रील प्रतियोगिता के लिए अलग-अलग पुरस्कार रखे गए हैं। दोनों श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 2,100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1,500 रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 1,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके जरिए वन मंडल का उद्देश्य प्रकृति और वन्यजीवों से जुड़ी रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।
6 अक्टूबर तक भेजनी होगी प्रविष्टि
प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां 6 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इसके लिए गूगल फॉर्म के माध्यम से प्रविष्टि भेजने की व्यवस्था की गई है।
सूरजपुर वन मंडल ने जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। वन मंडल का कहना है कि प्रकृति और वन्यजीवों की खूबसूरत तस्वीरों और रचनात्मक वीडियो के माध्यम से संरक्षण का संदेश ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। प्रतियोगिता के जरिए नागरिकों को अपने आसपास मौजूद प्राकृतिक संसार को करीब से देखने और उसे कैमरे में कैद कर लोगों तक पहुंचाने का अवसर भी मिलेगा।
