कोरबा :- कला जब जनजागरूकता और राष्ट्र निर्माण के संदेश से जुड़ती है, तो उसका प्रभाव और व्यापक हो जाता है। कोरबा के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (साडा) में ‘सेवा संकल्प अभियान’ तहत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ विषय पर विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा और देश की विकास यात्रा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। संवाद, अभिनय और सामूहिक प्रस्तुति के जरिए विद्यार्थियों ने विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक बदलावों को रोचक अंदाज में प्रस्तुत करते हुए राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सहभागिता का संदेश दिया।

नुक्कड़ नाटक में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के 13 वर्षों के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश के विकास और जनकल्याण के लिए किए गए विभिन्न प्रयासों को विषयवस्तु में शामिल किया गया। विद्यार्थियों ने विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना के साथ स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण,स्वस्थ जीवनशैली, डिजिटल इंडिया,ऑनलाइन शासकीय सेवाओं,आयुष्मान भारत और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों को प्रभावी संवाद और अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया।

प्रस्तुति में जल संरक्षण एवं जल के सदुपयोग, पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के साथ अंतरिक्ष मिशन, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, सर्जिकल स्ट्राइक,नोटबंदी, जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के प्रावधानों में बदलाव, तीन तलाक से संबंधित कानून, कोविड-19 महामारी के दौरान किए गए प्रयास तथा अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रसंगों को भी रचनात्मक ढंग से दर्शाया गया। विद्यार्थियों ने इन विषयों के माध्यम से देश की विकास यात्रा, सामाजिक बदलाव और नागरिक जिम्मेदारियों को सहज रूप में सामने रखा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की। उपस्थित विद्यार्थी एवं जनप्रतिनिधि भी नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति से जुड़े रहे और कार्यक्रम का आनंद लेते हुए विभिन्न राष्ट्रीय विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। प्रस्तुति के माध्यम से अनेक ऐसे विषयों से परिचित होने का अवसर मिला, जिनसे विद्यार्थियों और उपस्थित जनों को देश की विकास यात्रा को नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम की सराहना करते हुए उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, प्रस्तुति शैली और विषयों के प्रभावी संप्रेषण की प्रशंसा की।

‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ विद्यार्थियों के लिए सीख, अनुभव और प्रेरणा से भरा अवसर रहा। कला के माध्यम से उन्होंने देश के विकास, सेवा और जनकल्याण से जुड़े विषयों को जाना और समझा। इस प्रस्तुति ने विद्यार्थियों में ’राष्ट्र के प्रति गौरव, सेवा भावना और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा’ को और मजबूत किया।
