छत्तीसगढ़ :- मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। बारिश थमने के बाद दिन में तेज धूप निकल रही है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा और किसी भी स्थान पर उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रायपुर में तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
प्रदेश के अन्य इलाकों की बात करें तो पेंड्रारोड में 33.8 डिग्री, बिलासपुर में 33.6 डिग्री, माना एयरपोर्ट में 33.6 डिग्री, दुर्ग में 33.5 डिग्री, जगदलपुर में 33.3 डिग्री और अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बारिश रुकने के बाद तापमान बढ़ने से दिन के समय गर्मी और उमस महसूस हो रही है। राजधानी रायपुर में भी पिछले कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है। अगले दो से तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।
वहीं, पश्चिम बंगाल से मध्य महाराष्ट्र तक झारखंड, ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों, छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा होते हुए एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम में अचानक बदलाव के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
