कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में विजयादशमी का पर्व मातम में बदल गया। जब रावण दहन के ठीक बाद मुड़ापार बाजार के पास एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया,जहाँ युवकों के एक समूह ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर राहुल उर्फ गोल्डन की हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात बाद से इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल है।
रावण दहन मैदान के पीछे हुई वारदात
प्राप्त जानकारी अनुसार, यह घटना कोरबा में मुड़ापार बाजार समीप रावण दहन मैदान के पीछे बस्ती में एक पुराने पेड़ के पास रात लगभग 10:45 बजे हुई। यहाँ किसी बात को लेकर युवकों के बीच आपसी विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ी कि मामला हिंसक संघर्ष में बदल गयी। हमलावरों ने राहुल उर्फ गोल्डन पर धारदार चाकू से तकरीबन आधा दर्जन ताबड़तोड़ जानलेवा वार कर दिए। शरीर पर गंभीर गहरी चोटें आने से लहूलुहान घायल युवक मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा, और हमलावर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल ले जाने के दौरान गई जान
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल राहुल को फौरन जिला अस्पताल पहुँचाया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। त्योहार के दिन हुई इस हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, सभी आरोपी गिरफ्तार
अपराध की गंभीरता को देखते हुए कोरबा पुलिस फौरन एक्शन लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर समेत भारी पुलिस बल घटनास्थल का मुआयना किया। रातभर विशेष तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले तीन आरोपियों सहित वही एक विधि से संघर्षरत अपचारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर विवाद की असल वजह और पूरे घटनाक्रम की गहराई से छानबीन कर रही है।
