नई दिल्ली:- सोने और चांदी की कीमतों में इन दिनों बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कुछ समय पहले तक रिकॉर्ड तेजी दिखाने वाली चांदी अब लगातार गिरावट के दौर से गुजर रही है। इस गिरावट का असर सोने-चांदी के बीच कीमतों के अंतर पर भी पड़ा है। बाजार में अब यह सवाल उठने लगा है कि क्या आने वाले दिनों में एक किलो चांदी की कीमत 10 ग्राम सोने के भाव के बराबर पहुंच सकती है?
MCX के ताजा कारोबारी आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को चांदी और सोने दोनों के वायदा भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, दोनों की कीमतों में अभी अंतर बना हुआ है, लेकिन चांदी की तेज गिरावट ने इस चर्चा को जरूर बढ़ा दिया है।
सोने और चांदी के भाव में कितना बचा अंतर?
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुक्रवार को चांदी का वायदा भाव 10,500 रुपये टूटकर 1,78,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। वहीं, सोने की कीमत में 4,347 रुपये की गिरावट आई और इसका वायदा भाव 1,38,419 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
इस हिसाब से एक किलो चांदी और 10 ग्राम सोने की कीमत के बीच करीब 40,500 रुपये का अंतर रह गया है। यानी चांदी को मौजूदा सोने के भाव के बराबर पहुंचने के लिए अभी लगभग 22.6 प्रतिशत और गिरना होगा। हालांकि, यह अनुमान सोने की कीमत स्थिर रहने की स्थिति में ही लागू होगा। सोने के भाव में भी बदलाव होने पर यह अंतर बढ़ या घट सकता है।
