नई दिल्ली:- दीपावली के दौरान पटाखे और आतिशबाजी करते समय जरा-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। कई बार पटाखों से हाथ, पैर, चेहरा या शरीर के अन्य हिस्से जल जाते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत प्राथमिक उपचार करना बेहद जरूरी है। सही समय पर उठाए गए कदम से जलने की चोट को गंभीर होने से बचाया जा सकता है।
पटाखे से जलने पर तुरंत करें ये काम
- जले हुए हिस्से को ठंडे पानी से धोएं: प्रभावित जगह को तुरंत कम से कम 20 मिनट तक साफ, सामान्य ठंडे बहते पानी के नीचे रखें। बर्फ का इस्तेमाल न करें।
- कपड़े और गहने हटाएं: जले हुए हिस्से के आसपास मौजूद अंगूठी, घड़ी या तंग कपड़े सावधानी से हटा दें। यदि कपड़ा त्वचा से चिपक गया है तो उसे खींचकर न निकालें।
- जले हिस्से को ढकें: ठंडा करने के बाद प्रभावित जगह को साफ, न चिपकने वाली पट्टी या साफ कपड़े से हल्के से ढक दें।
- फफोले न फोड़ें: जलने पर त्वचा में पानी के फफोले पड़ जाएं तो उन्हें फोड़ने की कोशिश न करें। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
- गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचें: चेहरा, आंख, हाथ, पैर, जननांग या बड़े हिस्से में जलने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें।
इन गलतियों से बचें
– जले हुए हिस्से पर टूथपेस्ट, हल्दी, घी, तेल या अन्य घरेलू चीजें न लगाएं।
– सीधे बर्फ न लगाएं।
– त्वचा पर चिपके कपड़े को जबरदस्ती न खींचें।
– फफोलों को न फोड़ें और न ही जली त्वचा को रगड़ें।
कब तुरंत डॉक्टर के पास जाएं?
यदि जलन गहरी है, त्वचा सफेद या काली पड़ गई है, बड़े क्षेत्र में चोट लगी है, सांस लेने में परेशानी हो रही है या आंखों में पटाखे की चिंगारी चली गई है तो बिना देरी किए अस्पताल जाएं। गंभीर चोट या आपात स्थिति में 112 पर कॉल करें।
ध्यान रखें: पटाखों से जलने की स्थिति में शुरुआती 20 मिनट तक ठंडे बहते पानी से प्रभावित हिस्से को ठंडा करना सबसे जरूरी प्राथमिक उपचार है। समय पर उपचार से चोट की गंभीरता कम करने में मदद मिल सकती है।
