नई दिल्ली:- छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने 15 और 16 नवंबर के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत शाहदरा और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी रहेगी।
साथ ही, कुछ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा और श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी इसकी जानकारी साझा की है।
इन रास्तों पर जाने से बचें वाहन चालक
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, छठ पूजा के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए कुछ मार्गों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।
पुलिस ने वाहन चालकों को शास्त्री पार्क से खजूरी चौक और इसके विपरीत दिशा में पुस्ता रोड, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स तक के मार्ग तथा शांति वन से श्मशान घाट तक के रास्ते से बचने की सलाह दी है।
इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने उत्तर, मध्य, पूर्वी और नई दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और जीटी रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
वहीं, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार की ओर जाने वाले लोग खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड, सभापुर गांव और सोनिया विहार चौहान पट्टी के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
छठ पूजा के लिए यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:-
डीएनडी के पास यमुना खादर
डीडीए का खुला मैदान
आईपी एक्सटेंशन में वेस्ट विनोद नगर का खुला मैदान
खजूरी मेट्रो स्टेशन के पास खाली जगह
नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग
यमुना नदी के किनारे खाली जमीन
पुराने लोहे के पुल के पास गौशाला के नजदीक खुला मैदान
नंद नगरी के बी-1 और बी-2 ब्लॉक में छठ पार्क
मंडोली टीला स्थित छठ घाट
पुस्ता रोड पर एनएचएआई पार्किंग
साईं भवन के पास एमसीडी पार्किंग
ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। सड़क पर वाहन खड़े करने, प्रतिबंधित रास्तों पर जाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने से बचें। पूजा के दौरान भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए यात्रियों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। इस तरह थोड़ी सावधानी और ट्रैफिक नियमों के पालन से श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम यात्रियों को भी आवागमन में परेशानी से बचाया जा सकता है।
