छत्तीसगढ़ :- समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कल यानी रविवार, 15 नवंबर से शुरू होगी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सरकार ने प्रदेशभर में 3,100 उपार्जन केंद्र तय किए हैं। सरकार ने इस सीजन में 27.50 लाख से अधिक किसानों से धान खरीदने की तैयारी की है। खरीदी 15 जनवरी 2027 तक चलेगी।
360 नए केंद्र, धमतरी में पहले दिन 20 हजार क्विंटल की तैयारी
नए केंद्र जुड़ने से प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की संख्या 2,740 से बढ़कर 3,100 हो गई है। सरकार ने केंद्रों पर पर्याप्त बारदाने और किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। धमतरी जिले के सभी 108 उपार्जन केंद्रों पर पेयजल, तौल, गुणवत्ता जांच और भंडारण की व्यवस्था की गई है। जिले में पहले दिन धान बेचने के लिए 550 से अधिक किसानों ने टोकन लिए हैं। इन किसानों से करीब 20 हजार क्विंटल धान खरीदने की तैयारी है।
कम धान बेचने पर भी मिलेगी ₹13,839 प्रति एकड़ सहायता
सामान्य श्रेणी के धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2,441 प्रति क्विंटल है। राज्य सरकार ने ₹3,100 की घोषित दर और इस समर्थन मूल्य के बीच ₹659 के अंतर के आधार पर कृषक उन्नति योजना की आदान सहायता तय की है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल की खरीदी सीमा के हिसाब से यह सहायता ₹13,839 प्रति एकड़ है। पात्र किसान को सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी निर्धारित सहायता मिलेगी। उदाहरण के लिए, एक सत्यापित एकड़ से 15 क्विंटल धान बेचने वाले पात्र किसान को भी उस एकड़ के लिए ₹13,839 की आदान सहायता मिलेगी।
‘तुंहर टोकन’ ऐप और सहकारी समिति से मिलेगा टोकन
हर समिति की दैनिक खरीदी क्षमता के हिसाब से 70 फीसदी टोकन ‘तुंहर टोकन’ ऐप से और 30 फीसदी सहकारी समिति से जारी किए जाएंगे। किसान ऐप से उपलब्ध तारीख चुन सकते हैं। इसके बाद उन्हें टोकन में दर्ज तारीख पर निर्धारित उपार्जन केंद्र में अपनी उपज लेकर पहुंचना होगा। खरीदी के दौरान बायोमैट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा।
