नई दिल्ली:- नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। बलरामपुर में 27 नवंबर को आयोजित होने वाला संभाग स्तरीय विशाल रोजगार मेला फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज में प्रस्तावित इस रोजगार मेले को अपरिहार्य कारणों से टाल दिया गया है। अब इसका आयोजन दिसंबर 2026 में किए जाने की तैयारी है। हालांकि, मेले की नई तारीख और आयोजन स्थल को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसकी जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
इस रोजगार मेले की खास बात यह है कि इसमें निजी क्षेत्र की 11 प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होने वाली हैं, जिनके माध्यम से कुल 1,631 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले युवाओं को रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। भर्ती के लिए नर्सिंग, केयर-टेकर, सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मशीन ऑपरेटर, कम्प्यूटर ऑपरेटर, फील्ड ऑफिसर, टीचर और बीमा सखी सहित कई पद निर्धारित किए गए हैं।
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग-अलग रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं पास होने के साथ-साथ आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और जीएनएम/एएनएम योग्यता के आधार पर संबंधित पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। ऐसे में कम पढ़े-लिखे युवाओं से लेकर तकनीकी और उच्च शिक्षा प्राप्त अभ्यर्थियों तक के लिए रोजगार पाने का मौका उपलब्ध रहेगा।
ऑनलाइन पंजीयन और आवेदन जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले ई-रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in या सीजी रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। इसके बाद अपनी योग्यता के अनुसार संबंधित पद के लिए आवेदन करना अनिवार्य रहेगा। बिना आवेदन किए सीधे साक्षात्कार में शामिल होने को लेकर अभ्यर्थियों को पहले पोर्टल पर प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
साक्षात्कार के समय साथ लाने होंगे ये दस्तावेज
साक्षात्कार के दिन अभ्यर्थियों को अपने सभी जरूरी दस्तावेज साथ लेकर पहुंचना होगा। इसमें शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति और छायाप्रति, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा शामिल हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे पहले से सभी दस्तावेज तैयार रखें, ताकि चयन प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
आवेदन और चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले में आवेदन से लेकर चयन प्रक्रिया तक किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यानी अभ्यर्थी पूरी तरह निःशुल्क इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालयीन समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मोबाइल नंबर 9685672368 पर संपर्क कर सकते हैं। फिलहाल युवाओं को रोजगार मेले की नई तारीख का इंतजार करना होगा। दिसंबर में आयोजन की निश्चित तिथि और स्थान घोषित होने के बाद अभ्यर्थी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे।
