
समस्तीपुर: बिहार में शराबबंदी लागू है। फिर भी अक्सर लोग चोरी-छिपे शराब पीते हुए पकड़े जाते हैं। हद तो तब हो गई जब एक ट्रेन का ड्राइवर भी गाड़ी को स्टेशन पर खड़ीकर शराब पीने चला गया। उसने सैकड़ों पैसेंजर्स को परेशानी में डाल दिया और घंटेभर करीब स्टेशन पर हंगामा होता रहा। बाद में वह नशे की हालत में सड़क पर लेटा हुआ मिला तो दूसरे चालक के साथ ट्रेन को रवाना किया गया।
घटना समस्तीपुर के हसनपुर रोड स्टेशन की है। जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समस्तीपुर खगड़िया रेलखंड के हसनपुर रोड स्टेशन पर सोमवार को 05278 ट्रेन में सवार यात्रियों ने हंगामा किया। वजह थी ट्रेन के सहायक ड्राइवर कर्मवीर यादव का शराब प्रेम। स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही वह गाड़ी से उतर गया और कहीं निकल गया। कुछ देर में पता चला कि वह ट्रेन को रुकवाकर शराब पीने गया था। कर्मवीर ने इतनी शराब पी ली कि आते समय रास्ते में ही बेहोश होकर गिर गया।
स्थानीय लोगों ने जब उसे उठाया तो वह बाजार मे ही हंगामा करने लगा। इससे सवारी ट्रेन करीब एक घंटे तक स्टेशन पर ही रुकी रही।