नई दिल्ली:– सीएम पद की शपथ लेने के तुरंत बाद ही जोसेफ विजय एक्शन मोड में आ गए हैं। विजय की सरकार ने हाल ही में शराब बिक्री को लेकर बड़ा फैसला लिया है। इससे ढेरों शराब की दुकानों पर ताला लग जाएगा। इसके साथ ही बिजली को लेकर भी आम जनता को राहत देने की कोशिश की गई है।
राज्य में शराब की कई दुकानें ऐसी हैं जो मंदिरों-मस्जिदों, स्कूलों और बस अड्डों के बेहद पास हैं। अब इन दुकानों पर विजय सरकार की टेढ़ी नजर पड़ चुकी है। विजय ने इन सभी दुकानों को बंद करने का आदेश दे दिया है। अगर ऐसा हुआ तो राज्य में 717 दुकानों पर ताला लग जाएगा।
717 शराब की दुकानों पर लगेगा ताला
हाल ही में तमिलनाडु सरकार ने एक प्रेस नोट जारी किया है। इसके अनुसार 717 दुकानें ऐसी हैं जो मंदिर-मस्जिद, स्कूल-कॉलेज और बस अड्डों से 500 मीटर की दूरी से भी कम हैं। इन सभी दुकानों को दो हफ्तों के अंदर बंद करने का आदेश दिया गया है। इनमें से 276 दुकानें मंदिर-मस्जिद के पास, 186 शिक्षण संस्थानों के पास और 255 दुकानें बस अड्डों के पास हैं।
ये फैसला सरकार से तुरंत बनने के बाद आया है। इसके बाद से महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। सरकार का उद्देश्य साफ है कि जरूरी सामाजिक सुधार के उपाय तत्काल लागू किए जाएं। इससे इलाकों में हो रही अशांति पर भी काबू पाया जा सकेगा।
200 यूनिट बिजली भी मुफ्त देगी विजय सरकार
सीएम की कुर्सी पर बैठने के बाद अहम फैसलों में से एक राज्य की जनता को बिजली मुफ्त में देना भी है। विजय की सरकार ने ऐलान किया है कि तमिलनाडु के सभी लोगों को 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। इसके साथ ही विजय ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक खास फोर्स के गठन की मंजूरी भी दी है। नशे के बढ़ते कारोबार पर भी विजय ने चाबुक चलाना शुरू कर दिया है। अवैश नशे को रोकने के लिए विजय ने नशा विरोधी यूनिट्स बनाने का भी ऐलान किया है।
अपने शपथ ग्रहण के बाद विजय ने अपने पहले संबोधन में कहा, “मुझे तमिलनाडु सरकार की मौजूदा स्थिति के बारे में आप सभी को बताना है। राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज है और सरकारी खजाना पूरी तरह से खाली हो चुका है। इस वजह से राज्य पर असहनीय बोझ आ गया है।”
