नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने दुनिया को अलविदा कह दिया है. उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है. मुलायम सिंह यादव का उनके पैतृक गांव सैफई में अंतिम संस्कार होगा। उनके पार्थिव शरीर को सुबह 10 बजे से अंतिम दर्शन के लिए सैफई मेला ग्राउंड के पंडाल में रखा जाएगा.
करीब 3 बजे राजकीय सम्मान से उनका अंतिम संस्कार होगा. सैफई में इसके लिए प्रशासन और मुलायम सिंह यादव के परिवार ने पूरी तैयारियां भी कर ली हैं. यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया गया है।
सपा संरक्षक मुलायम सिंह के अंतिम दर्शन के लिए कई राजनीतिक दलों के दिग्गज भी सैफई पहुंच रहे हैं। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कई मुख्यमंत्रियों के अंतिम संस्कार में शामिल होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ ही कई केंद्रीय और प्रदेश स्तर के मंत्रियों के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं।