मध्य प्रदेश :– संगठन को मजबूत करने और नए सामाजिक समीकरण साधने के उद्देश्य से कांग्रेस ने अब अल्पसंख्यक महिलाओं पर फोकस बढ़ा दिया है। पार्टी ने “प्रोजेक्ट M” नाम से एक विशेष अभियान शुरू किया है, जिसकी औपचारिक लॉन्चिंग आज भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की।
कांग्रेस का दावा है कि इस अभियान के जरिए अल्पसंख्यक समाज की महिलाओं को पहली बार बड़े स्तर पर पार्टी की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर से करीब 160 महिलाओं की एक टीम तैयार की गई है, जो अलग-अलग जिलों में जाकर महिलाओं को कांग्रेस से जोड़ने का काम करेगी।
दी जाएगी ट्रेनिंग
करीब तीन घंटे तक चलने वाले अलग-अलग सत्रों में महिलाओं को संगठन की कार्यप्रणाली, नेतृत्व क्षमता और राजनीतिक भागीदारी को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। पार्टी का कहना है कि यह केवल सदस्यता अभियान नहीं बल्कि भविष्य की महिला नेतृत्व तैयार करने की रणनीति का हिस्सा है।
6 महीने से चल रहा है योजना पर काम
कांग्रेस नेत्री आरिफा खान ने बताया कि इस योजना पर पिछले छह महीनों से काम चल रहा था। कई चरणों की बातचीत और समन्वय के बाद अब एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में केवल मुस्लिम समाज ही नहीं बल्कि ईसाई, जैन, बौद्ध और सिख समाज की महिलाएं भी शामिल हैं।
महिलाओं को सक्रिय राजनीति से जोड़ा जाएगा
आरिफा खान के मुताबिक, इनमें कई महिलाएं ऐसी हैं जो पहली बार कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगी और सक्रिय राजनीति से जुड़ेंगी। पार्टी आगे चलकर नेतृत्व क्षमता वाली महिलाओं को चुनावी राजनीति में भी अवसर देने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस इसे आगामी चुनावों से पहले संगठन विस्तार और नए वोट बैंक को साधने की अहम रणनीति के तौर पर देख रही है।
