*रायपुर:- मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि 12 नवंबर को पहाड़ी राज्य में वोटिंग होगी और 8 दिसंबर को नतीजों का ऐलान होगा। विधानसभा चुनाव गुजरात में भी होना है लेकिन अभी वहां के लिए तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राजीव कुमार ने गुजरात में चुनाव तारीखों का ऐलान नहीं किए जाने की वजह भी बताई। उन्होंने इस बात को भी खारिज किया कि ऐसा करने में किसी नियम का उल्लंघन हुआ है।
चुनाव आयोग की पीसी की खबर आते ही यह अटकलें लगने लगी थीं कि हिमाचल और गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होगा। दो राज्यों में यदि विधानसभा का कार्यकाल छह महीने के भीतर खत्म हो रहा हो तो चुनाव एक साथ होते हैं और परिणाम भी साथ घोषित होता है। गुजरात चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किए जाने के सवाल पर राजीव कुमार ने कहा कि किसी नियम का उल्लंघन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, ”दोनों राज्यों के विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने में 40 दिन का अंतर है।
नियम के मुताबिक, कम से कम 30 दिन का हो ताकि एक के परिणाम का असर दूसरे पर ना हो। राजीव ने गुजरात से पहले हिमाचल में चुनाव को लेकर कहा, ”मौसम जैसे कई कारक है, हम बर्फबारी से पहले हिमाचल में चुनाव चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने कई पक्षकारकों से विचार-विमर्श किया है।