महाराष्ट्र :- नागपुर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करने वाली घटना सामने आई है। सोनेगांव झील के पास स्थित अमराई जंगल के सुनसान इलाके में एक अज्ञात युवक ने 19 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि वारदात से पहले आरोपी ने युवती के प्रेमी के साथ मारपीट की और उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती को अपनी हवस का शिकार बनाया और उसका वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना सोमवार रात की है। युवती अपने प्रेमी के साथ सोनेगांव झील के पास अमराई जंगल के एक सुनसान हिस्से में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और दोनों को रोक लिया। आरोपी ने पहले युवती के प्रेमी के साथ मारपीट की और उसे वहां से जाने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद उसने युवती के साथ जबरदस्ती की।
आरोप है कि वारदात के दौरान आरोपी ने युवती का वीडियो भी बनाया। इतना ही नहीं, उसने युवती के कीमती सामान छीन लिए और घटना के बारे में किसी को बताने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों के साथ थाने पहुंची पीड़िता।
घटना के बाद युवती ने शुरुआत में डर के कारण किसी को जानकारी नहीं दी। करीब 24 घंटे बाद परिजनों से बातचीत करने के बाद वह परिवार के साथ सोनेगांव पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुष्कर्म और लूट से संबंधित मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपी का स्केच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनेगांव पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में जुट गई है। पुलिस जंगल में आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की आवाजाही का पता लगाया जा सके। पीड़िता से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध आरोपी के दो स्केच जारी किए हैं। आसपास के थानों को भी अलर्ट किया गया है।
नागपुर क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल के मुताबिक, वारदात में एक ही आरोपी शामिल था। फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही है।
इस घटना के बाद अमराई जंगल और सोनेगांव झील के आसपास के सुनसान इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने भी चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है।
