छत्तीसगढ़ :- महिलाओं की सेहत को लेकर एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। प्रदेश में बड़ी संख्या में महिलाएं एनीमिया यानी खून की कमी की समस्या से जूझ रही हैं। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) की एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, छत्तीसगढ़ उन राज्यों में शामिल है, जहां 20 से 59 साल की 70 प्रतिशत से अधिक महिलाओं में एनीमिया पाया गया है। इतना ही नहीं, प्रदेश की किशोरियों में भी खून की कमी के मामले देश में सबसे ज्यादा दर्ज किए गए हैं।
यह स्थिति इसलिए भी गंभीर है क्योंकि एनीमिया का असर केवल शरीर में कमजोरी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि महिलाओं की कार्यक्षमता, गर्भावस्था और संपूर्ण स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर सकता है। रिपोर्ट के आंकड़े देश में महिलाओं और किशोरियों के पोषण स्तर को लेकर कई सवाल खड़े करते हैं।
ICMR की रिपोर्ट में सामने आई चिंताजनक तस्वीर
ICMR की ओर से वर्ष 2023 से 2025 के बीच किए गए जनसंख्या स्वास्थ्य, शारीरिक गतिविधि, खानपान और शरीर से जुड़े आंकड़ों के सर्वे में एनीमिया की स्थिति का आकलन किया गया।
हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN) की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में 20 से 59 साल की लगभग 55 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया से प्रभावित हैं। वहीं, 15 से 49 साल की महिलाओं में यह आंकड़ा करीब 56 प्रतिशत है।
छत्तीसगढ़ के अलावा पश्चिम बंगाल और पंजाब में भी महिलाओं में एनीमिया की दर 70 प्रतिशत से अधिक बताई गई है। इससे साफ है कि देश के कई राज्यों में महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य की स्थिति अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ की किशोरियों के आंकड़े और भी ज्यादा परेशान करने वाले
रिपोर्ट में 10 से 19 साल की किशोरियों के स्वास्थ्य को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। देशभर में इस आयु वर्ग की 46 प्रतिशत से ज्यादा लड़कियां एनीमिया से प्रभावित पाई गई हैं।
राज्यों के आंकड़ों में छत्तीसगढ़ सबसे ऊपर है। यहां 65.4 प्रतिशत किशोरियों में खून की कमी दर्ज की गई है।
छत्तीसगढ़: 65.4 प्रतिशत
गुजरात: 61.4 प्रतिशत
पश्चिम बंगाल: 60.4 प्रतिशत
बिहार: 57.6 प्रतिशत
आंध्र प्रदेश: 51.9 प्रतिशत
राजस्थान: 50.2 प्रतिशत
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि किशोरियों में पोषण की कमी एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन रही है। कम उम्र में एनीमिया होने से पढ़ाई, शारीरिक विकास और भविष्य में मातृत्व स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है।
दक्षिण भारत में केरल की स्थिति सबसे बेहतर
ICMR की रिपोर्ट में दक्षिण भारत के राज्यों के आंकड़ों की तुलना भी की गई है। इसमें केरल की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर दिखाई दी।
केरल में 20 से 59 साल की लगभग 28 प्रतिशत और 15 से 49 साल की करीब 29 प्रतिशत महिलाओं में एनीमिया पाया गया।
इसके उलट आंध्र प्रदेश मेंt दोनों आयु वर्गों की 68 प्रतिशत से अधिक महिलाएं इस समस्या से प्रभावित मिलीं।
तेलंगाना में 20 से 59 साल की 51 प्रतिशत और 15 से 49 साल की 54 प्रतिशत महिलाओं में एनीमिया दर्ज किया गया। तमिलनाडु में यही आंकड़े क्रमशः 51.4 प्रतिशत और 53 प्रतिशत रहे।
वहीं, मध्य प्रदेश में लगभग 40 प्रतिशत महिलाओं में एनीमिया पाया गया।
रिपोर्ट में एनीमिया की गंभीरता को समझने के लिए इसे तीन स्तरों में वर्गीकृत किया गया है।
हल्का एनीमिया: इसमें शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी सामान्य से कम होती है, लेकिन स्थिति अपेक्षाकृत कम गंभीर रहती है।
मध्यम एनीमिया: इसमें खून की कमी अधिक होती है और स्वास्थ्य पर इसका प्रभाव भी बढ़ सकता है।
गंभीर एनीमिया: यह स्थिति ज्यादा खतरनाक हो सकती है और इसमें समय पर चिकित्सकीय उपचार जरूरी होता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, एनीमिया से प्रभावित महिलाओं में लगभग आधे मामले हल्के स्तर के हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, महिलाओं, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में एनीमिया के करीब आधे मामले हल्की श्रेणी में आते हैं।
हालांकि, हल्के एनीमिया को भी नजरअंदाज करना उचित नहीं है। समय पर जांच और उचित पोषण से स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सकता है।
आयरन की कमी भी एनीमिया की बड़ी वजह
एनीमिया के पीछे आयरन की कमी को एक प्रमुख कारण माना गया है। ICMR की रिपोर्ट के अनुसार, महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में एनीमिया के लगभग आधे मामलों में आयरन की कमी की भूमिका सामने आई है।
आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने के लिए जरूरी होता है। हीमोग्लोबिन रक्त के माध्यम से शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करता है।
