आंध्र प्रदेश :- प्रसिद्ध तिरुमाला तिरुपति मंदिर में आस्था और भक्ति की एक बड़ी मिसाल सामने आई है। चेन्नई के उद्योगपति वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने भगवान वेंकटेश्वर के मंदिर में 121 किलो सोने के आभूषण दान किए हैं। इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 207.6 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इतनी बड़ी कीमत के सोने के आभूषण दान किए जाने की खबर सामने आने के बाद यह मामला देशभर में चर्चा का विषय बन गया है।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मंदिर प्रशासन को सौंपे आभूषण
जानकारी के मुताबिक, उद्योगपति दंपती ने 26 नवंबर को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को ये बहुमूल्य आभूषण सौंपे। इस दौरान मंदिर प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। दंपती की ओर से भगवान वेंकटेश्वर के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए यह विशेष भेंट दी गई।
46 प्रकार के आभूषणों से तैयार हुआ सोने का खजाना
दान किए गए आभूषणों में कुल 46 प्रकार की वस्तुएं शामिल हैं। इनमें सोने के मुकुट, हार, बाजूबंद, कंगन, कमरबंद, पायल और पैरों में पहनने वाले आभूषण शामिल हैं। इन आभूषणों में हीरे और कई कीमती रत्न भी जड़े हुए हैं, जो इनकी खूबसूरती और कीमत को और बढ़ाते हैं।
बताया गया है कि कुल 121 किलो सोने में से करीब 106 किलो सोने के आभूषण भगवान वेंकटेश्वर के लिए तैयार किए गए हैं। वहीं, शेष 15 किलो सोने का इस्तेमाल देवी पद्मावती के लिए विशेष सोने की साड़ी बनाने में किया जाएगा। इस तरह यह दान भगवान वेंकटेश्वर के साथ देवी पद्मावती को भी समर्पित है।
दान की तस्वीरें आईं सामने, चर्चा में उद्योगपति दंपती
इस भव्य दान की तस्वीरें भी सामने आई हैं। तस्वीरों में बड़ी संख्या में सोने के आभूषण दिखाई दे रहे हैं। करोड़ों रुपये के इन आभूषणों को देखकर लोग हैरान हैं। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी इस दान के लिए उद्योगपति दंपती की सराहना की। उन्होंने इसे भगवान के प्रति गहरी आस्था और समर्पण का उदाहरण बताया।
गौरतलब है कि तिरुमाला स्थित भगवान वेंकटेश्वर मंदिर देश के सबसे प्रसिद्ध और समृद्ध धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य और श्रद्धा के अनुसार मंदिर में नकद राशि, सोना, चांदी और अन्य कीमती वस्तुएं दान करते हैं। हालांकि, 121 किलो सोने के आभूषणों का यह दान अपनी विशाल कीमत और भव्यता के कारण खास चर्चा में है।
