मध्य प्रदेश:- पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र की एक वेस्ट डिस्पोजल कंपनी में 21 अप्रैल की रात भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग तेजी से फैलने पर पुलिस और नगर पालिका की टीमें मौके पर पहुंचीं.
मध्यप्रदेश के धार जिले के औद्योगिक नगर पीथमपुर के सेक्टर-3 स्थित एक इंडस्ट्रियल वेस्ट डिस्पोजल कंपनी में 21 अप्रैल की देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. आग तेजी से भड़ककर एक विकराल रूप ले लिया, जिससे आस-पास के उद्योगों और रिहायशी इलाकों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत तथा बचाव कार्य शुरू कर दिया.
दस दमकल गाड़ियां तैनात
कलेक्टर और पुलिस अधिकारी स्वयं घटनास्थल पर मौजूद थे और उन्होंने पूरे अभियान की लगातार निगरानी की. आग पर काबू पाने के लिए दस दमकल गाड़ियां तैनात की गईं. इसके अलावा इंदौर नगर निगम से दो फोम एक्सटिंग्विशर भी मंगवाए गए, और आग बुझाने के लिए रोबोट का भी इस्तेमाल करने का प्रयास किया गया. आग की तीव्रता को देखते हुए इसे फैलने से रोकने के लिए रेत और बजरी से भरे डंपरों का भी उपयोग किया गया.
जांच के निर्देश
प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आस-पास के इलाकों को खाली कराया और वहां रहने वालों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया. इस स्थिति का एक राहत भरा पहलू यह है कि अब तक इस घटना में किसी के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है. हालांकि आग लगने का सही कारण अभी भी साफ नहीं है, और इस मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. आरोप है कि यह कंपनी दूसरी इंडस्ट्रीज़ से निकलने वाले कचरे को जलाती है. इसलिए, यह कयास लगाए जा रहे हैं कि आग शायद खुद कंपनी ने ही जान-बूझकर लगाई हो. हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
लपटें दूर-दूर तक फैलीं
स्थानीय लोगों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि इसका धुआं कई किलोमीटर दूर से ही दिखाई दे रहा था. इस बीच एहतियाती कदम के तौर पर प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी अलर्ट पर रखा है. फिलहाल, आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, हालांकि इसे पूरी तरह बुझाने के प्रयास अभी भी जारी हैं. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
