
पश्चिम बंगाल:- अधिकारियों ने बताया कि कुड़मी समुदाय का एक अन्य संगठन आदिवासी कुड़मी समाज, बुधवार को विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गया, इसके बाद खड़गपुर-टाटानगर खंड में खेमासुली स्टेशन और पुरुलिया जिले के आद्रा-चांडिल खंड में कुस्तौर स्टेशन पर रेलवे पटरियों को अवरुद्ध कर दिया गया।
दक्षिण-पूर्वी रेलवे का बयान
दक्षिण-पूर्वी रेलवे की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक बृहस्पतिवार को रद्द की गई ट्रेनों में हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस, हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस, हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस, हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, हावड़ा-रांची एक्सप्रेस, शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस, हावड़ा-मुंबई सीएसएमटी मेल एक्सप्रेस और संतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस शामिल हैं।
दक्षिण-पूर्वी रेलवे ने कहा कि पुरी-नयी दिल्ली एक्सप्रेस, मुंबई-सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस और जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस भी रद्द की गयीं। बुधवार से लेकर अब तक कुल 158 ट्रेनों को रद्द किया जा चुका है। अधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग-6 पर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं, जिससे पश्चिम मेदिनीपुर और झारग्राम जिलों में आस-पास की सड़कों पर भी भारी जाम लग गया है।
इसलिए हो रहा विरोध-प्रदर्शन
अधिकारियों ने कहा कि कुछ वाहनों को नाकाबंदी से बचने के लिए झारग्राम में बलीभाषा के रास्ते रवाना किया जा रहा था। सड़कों पर फंसे हुए वाहनों के चालकों ने कहा कि उन्हें भोजन और पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है।