नई दिल्ली:– संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अनुपस्थिति को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। संसद परिसर में आयोजित इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन में बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में नजर आए। उनके सामने दानपात्र रखा था, जबकि विपक्षी सांसद “अमित शाह संसद से गायब क्यों?” लिखे पोस्टर लेकर खड़े थे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी वहां पहुंचे और उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से दानपात्र में चंदा डाला। इसके बाद पुजारी की भूमिका निभा रहे पप्पू यादव दानपात्र उठाकर वहां से निकल गए। यह पूरा घटनाक्रम संसद परिसर में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
विपक्ष का कहना है कि यह प्रदर्शन गृह मंत्री अमित शाह की संसद में कथित अनुपस्थिति और महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब नहीं देने के विरोध में किया गया। वहीं, इस अनोखे प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर समर्थक और विरोधी दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
