नई दिल्ली:- अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की इकाई कच्छ कॉपर लिमिटेड ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी को प्रतिष्ठित वेरामार्क एश्योरेंस (पूर्व में कॉपर मार्क) प्रमाणन मिला है। इसके साथ ही कच्छ कॉपर यह प्रमाणन हासिल करने वाली भारत की पहली तांबा उत्पादक कंपनी बन गई है। कंपनी गुजरात के कच्छ में स्थित दुनिया के सबसे बड़े एकल-स्थान तांबा गलाने वाले संयंत्रों में से एक का संचालन करती है।
वेरामार्क एश्योरेंस एक स्वतंत्र मूल्यांकन व्यवस्था है, जो तांबा, निकल और जिंक के उत्पादन एवं आपूर्ति से जुड़ी कंपनियों के कामकाज का आकलन करती है। यह प्रमाणन उन कंपनियों को दिया जाता है, जो पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और कॉरपोरेट प्रशासन (ESG) से जुड़े निर्धारित अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरी उतरती हैं। इसके लिए स्वतंत्र विशेषज्ञों द्वारा कंपनी के संचालन और उत्पादन प्रक्रियाओं की जांच की जाती है।
अदाणी नेचुरल रिसोर्सेज के सीईओ एवं कच्छ कॉपर के प्रबंध निदेशक डॉ. विनय प्रकाश ने इस उपलब्धि को भारतीय उद्योग के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कॉपर मार्क प्रमाणन हासिल करना किसी भी भारतीय तांबा उत्पादक के लिए पहली उपलब्धि है। यह जिम्मेदार और टिकाऊ उत्पादन के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कच्छ कॉपर अब उन चुनिंदा वैश्विक कंपनियों में शामिल हो गई है, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्पादन कर रही हैं।
कंपनी ने जिम्मेदार उत्पादन से जुड़े वेरामार्क के मानकों और संयुक्त उचित जांच मानक (Joint Due Diligence Standard) के तहत स्वतंत्र मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा किया है। इस प्रमाणन से कंपनी को यह साबित करने में मदद मिलेगी कि उसका उत्पादन वैश्विक मानकों के अनुरूप है। साथ ही यह संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों, विशेष रूप से लक्ष्य-12 यानी जिम्मेदार उत्पादन और खपत को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दुनियाभर में बढ़ रही तांबे की मांग
दुनिया में नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहनों, बिजली वितरण, डिजिटल नेटवर्क और आधुनिक बुनियादी ढांचे का विस्तार तेजी से हो रहा है। इसके चलते तांबे की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में वैश्विक बाजार में ग्राहक और निवेशक उन कंपनियों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारियों का ध्यान रखते हुए उत्पादन करती हैं। वेरामार्क एश्योरेंस व्यवस्था से बीएचपी, रियो टिंटो, फ्रीपोर्ट-मैकमोरन, एंटोफागास्टा और ऑरुबिस जैसी कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनियां भी जुड़ी हुई हैं।
