नई दिल्ली:- भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाई दूज का पर्व दीपोत्सव के पांच प्रमुख त्योहारों में अंतिम पर्व माना जाता है। यह त्योहार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। वहीं भाई अपनी बहनों को उपहार और दक्षिणा देकर उनकी रक्षा और सम्मान का संकल्प लेते हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज का पर्व सबसे पहले यमराज और उनकी बहन यमुना ने मनाया था। मान्यता है कि इसी दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। तभी से भाई दूज मनाने की परंपरा शुरू हुई। इस पर्व को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है।
भाई दूज पर तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त
भाई दूज का पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इस दिन बहनों के लिए भाई का तिलक करने का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शुभ मुहूर्त में तिलक करने से भाई के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है।
इस बार भाई दूज का पर्व 11 नवंबर बुधवार को मनाया जाएगा। 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे से द्वितीया तिथि की शुरु हो जाएगी और 11 नवंबर को दोपहर 3:53 pm तक रहेगी। भाईदूज पर्व पर इस बार अनुराधा नक्षत्र ज्येष्ठा नक्षत्र का शुभ संयोग बन रहा है, अनुराधा नक्षत्र सुबह 11 नवंबर को 11:39 पर लग जाएगा। इस मुहूर्त और इस तिथि में ही भाईदूज का पर्व मनाया जाएगा। सबसे बड़ी बात यह है कि 11 नवंबर को भाई दूज के दिन राहुकाल भी पड़ रहा है, इस दिन कुछ लोग टीका भी नहीं करते हैं।
राहुकाल 11 नवंबर को 11:45 am से 1:11 pm तक रहेगा, इसलिए भाईदूज के दिन भाई को टीका लगाने का समय लगभग 1:11 से लेकर दोपहर 3 बजकर 8 मिनट तक रहेगा।इस दौरान बहने अपने भाई को टीका लगा सकती हैं.। 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट से दिनभर भाईदूज को मनाया जा सकता है।
सबसे पहले किसने मनाया भाई दूज का पर्व?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज की शुरुआत द्वापर युग से हुई थी। इस पर्व को सबसे पहले यमराज और उनकी बहन यमुना ने मनाया था।
कथा के अनुसार, यमुना अपने भाई यमराज से मिलने के लिए अक्सर यमलोक जाया करती थीं। वह हमेशा अपने भाई से आग्रह करती थीं कि वे भी कभी समय निकालकर उनके घर मथुरा आएं। लेकिन यमराज अपने कार्यों में व्यस्त होने के कारण बहन के घर नहीं जा पाते थे।
एक बार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अचानक अपनी बहन यमुना के घर पहुंच गए। भाई को अपने घर आया देखकर यमुना बेहद प्रसन्न हुईं। उन्होंने अपने भाई का स्वागत किया, उन्हें आसन पर बैठाया और स्वादिष्ट पकवान खिलाए। इसके बाद यमुना ने यमराज का तिलक किया और उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य तथा सुख-समृद्धि की कामना की। बहन के प्रेम और आतिथ्य भाव से प्रसन्न होकर यमराज ने यमुना से वरदान मांगने के लिए कहा।
