नई दिल्ली:– सर्दियों के मौसम में कई प्रकार की सब्जियों की भरमार देखने के लिए मिलती है। इसमें ही फूलगोभी सर्दियों की सबसे लोकप्रिय और आसानी से मिलने वाली सब्जियों में से एक है। कम कीमत और अधिक पोषण के कारण यह हर वर्ग और हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद मानी जाती है। मौजूदा समय में हेल्दी डाइट, इम्यूनिटी बूस्ट और वजन नियंत्रण जैसे ट्रेंड्स के बीच फूलगोभी एक सुपरफूड के रूप में उभरकर सामने आई है। इसमें मौजूद विटामिन्स, मिनरल्स, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स इसे सर्दियों के लिए आदर्श सब्जी बनाते हैं।
जानिए फूलगोभी के पोषक तत्व
फूलगोभी में विटामिन C, विटामिन K, विटामिन B6 और फोलेट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। विटामिन C शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है, जिससे सर्दियों में होने वाली खांसी, जुकाम और वायरल संक्रमण से बचाव होता है। वहीं, विटामिन K हड्डियों को मजबूत रखने और खून के थक्के बनने की प्रक्रिया को संतुलित रखने में मदद करता है। फोलेट और विटामिन B6 मस्तिष्क और नसों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, जिससे एकाग्रता और याददाश्त बेहतर होती है।
जानिए फूलगोभी खाने के फायदे
अगर आप सर्दियों के मौसम में फूलगोभी का सेवन करते है तो आपको इसके कई सारे फायदे मिलते है।
पाचन स्वास्थ्य के लिहाज से भी फूलगोभी बेहद फायदेमंद है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है और कब्ज, गैस व अपच जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। आजकल बढ़ती पेट से जुड़ी समस्याओं के बीच फाइबर युक्त आहार की सलाह दी जाती है, ऐसे में फूलगोभी को डाइट में शामिल करना एक स्मार्ट विकल्प है।
जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए फूलगोभी किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें कैलोरी बहुत कम होती है और फाइबर अधिक, जिससे पेट जल्दी भर जाता है और बार-बार भूख नहीं लगती। आप इसे उबालकर, हल्का भूनकर, सूप या सलाद के रूप में खा सकते हैं। डीप फ्राई करने से बचें ताकि इसके पोषक तत्व सुरक्षित रहें।
फूलगोभी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर में फ्री रेडिकल्स से लड़ने में मदद करते हैं। इससे कोशिकाओं को नुकसान से बचाया जा सकता है और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया धीमी होती है। साथ ही, इसमें पाए जाने वाले सल्फर युक्त कंपाउंड्स लीवर को डिटॉक्स करने और शरीर से विषैले तत्व बाहर निकालने में सहायक होते हैं। यही कारण है कि इसे डिटॉक्स डाइट का अहम हिस्सा माना जाता है।
त्वचा और हृदय स्वास्थ्य के लिए भी फूलगोभी लाभकारी है। विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को चमकदार बनाते हैं और डार्क स्पॉट्स कम करने में मदद करते हैं। वहीं, फाइबर और पोटेशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखते हैं और खराब कोलेस्ट्रॉल को कम कर हृदय रोग के खतरे को घटाते हैं।
जाने बनाने का तरीका
फूलगोभी को ज्यादा देर तक पकाने से बचें, इससे पोषक तत्व नष्ट हो सकते हैं।
हफ्ते में 2–3 बार फूलगोभी को डाइट में शामिल करें।
गैस की समस्या हो तो इसमें अजवाइन या जीरा डालकर पकाएं।
