रायपुर: छत्तीसगढ़ में आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाया गया। इस सप्ताह के दौरान प्रदेशवासियों ने हमर तिरंगा अभियान में उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने-अपने घरों, दुकानों, संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रीय एकजुटता का परिचय दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस अभियान की सफलता के लिए प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
इसके साथ ही सीएम भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के नागरिकों से अपील की है कि हमर तिरंगा अभियान के सफलतापूर्वक समापन के बाद वे अब अपने-अपने घरों, दुकानों, संस्थानों में फहराए गए राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान से उतारकर जतनपूर्वक रख लें, ताकि उचित अवसर पर ध्वज को फिर से फहराया जा सके।
उन्होंने कहा कि हमर तिरंगा अभियान अब पूरा हो चुका है। मेरी सभी से अपील है कि अब वे राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान उतार कर और समेट कर जतन से रख लें, ताकि उचित अवसर पर इसका फिर से उपयोग किया जा सके। जो झंडे किसी कारणवश फट गए हों, उनका सम्मान निस्तारण किया जाना आवश्यक है।