गुजरात :– ये विशेष आयोजन सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण और उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पीएम मोदी मंदिर परिसर में उपस्थित हुए और पूजा-अर्चना की।
प्रधानमंत्री के आगमन पर मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय प्रशासन द्वारा भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर के गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना की और महादेव का आशीर्वाद लिया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
अमृत पर्व से पहले रोड शो
सोमनाथ मंदिर में ‘अमृत पर्व’ कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम के लिए विभिन्न राज्यों से कलाकार और दूर-दराज के स्थानों से आए दर्शक इकट्ठा हुए हैं। कार्यक्रम से ठीक पहले सोमनाथ में पीएम मोदी का रोड शो किया गया। बताया जा रहा है कि प्रोग्राम में शामिल होने के लिए कई राज्यों से कलाकार और दूर-दराज से भारी संख्या में दर्शक आए हैं। इस मौके पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद हैं।
पीएम ने मंदिर में की विशेष पूजा
पीएम मोदी ने बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ मंदिर में पूजा की। वह विशेष पूजन में शामिल हुए और शिवलिंग पर अभिषेक के साथ पूजन किया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण मंदिर के 90 मीटर ऊंचे शिखर पर किया गया कुंभाभिषेक रहा। प्रधानमंत्री की उपस्थिति में 11 पवित्र तीर्थ स्थलों से लाए गए जल से शिखर का अभिषेक किया गया। इसके बाद, विधि-विधान के साथ मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण समारोह संपन्न हुआ, जो भारतीय संस्कृति और अटूट आस्था का प्रतीक है। इस दौरान मंदिर परिसर पर पुष्पवर्षा भी की गई।
