छत्तीसगढ़ :- शासन के संकल्प के अनुरूप जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं रोकथाम संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन के लिए सभी संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 10 मार्च 2024 को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का शुभारंभ किया गया था। इस अभियान के तहत 31 मार्च 2029 तक छत्तीसगढ़ को पूर्णतः बाल विवाह मुक्त राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए जिले में बाल विवाह की रोकथाम, जनजागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत जिले में 21 अक्टूबर से 21 दिसम्बर 2026 तक व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आम नागरिकों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों तथा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के तहत 27 नवम्बर 2026 को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्रामीणों को बाल विवाह की रोकथाम के संबंध में जागरूक करने के साथ ही बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक शपथ कार्यक्रम एवं अन्य उपयुक्त जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
