नई दिल्ली:– आज के दौर में बच्चों की सुरक्षा हर माता-पिता की सबसे बड़ी चिंता बन गई है। स्कूल, पार्क, ट्यूशन या घर के बाहर किसी भी समय बच्चे अनजान लोगों के संपर्क में आ सकते हैं। ऐसे में सिर्फ अच्छी शिक्षा और संस्कार देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षा से जुड़े कुछ जरूरी नियम भी सिखाना बेहद आवश्यक है। हरियाणा पुलिस में कॉन्स्टेबल और साइबर जागरूकता विशेषज्ञ साहिल खैरवाल ने ऐसे 7 महत्वपूर्ण सुरक्षा नियम बताए हैं, जिन्हें हर माता-पिता को अपने बच्चों को जरूर सिखाना चाहिए।
- घर में अकेले होने की जानकारी कभी न दें
यदि कोई अनजान व्यक्ति दरवाजे पर आकर पूछे कि घर में कौन है, तो बच्चे को यह नहीं बताना चाहिए कि वह अकेला है। उसे कहना चाहिए कि मम्मी-पापा घर पर हैं या अभी आने वाले हैं। इससे गलत इरादे वाले लोग सतर्क हो जाते हैं। - किसी अनजान व्यक्ति से लिफ्ट न लें
रास्ते में कोई कार या बाइक सवार मदद या लिफ्ट देने की बात करे तो बच्चे को साफ मना कर देना चाहिए। जरूरत पड़ने पर वह कह सकता है कि उसके माता-पिता उसे लेने आ रहे हैं। - चॉकलेट, खिलौने या खाने का लालच न लें
अक्सर अपराधी बच्चों को लालच देकर अपने करीब लाने की कोशिश करते हैं। बच्चों को समझाएं कि किसी भी अनजान व्यक्ति से कोई चीज न लें और तुरंत वहां से दूर हो जाएं। - माता-पिता से कोई बात न छिपाएं
अगर कोई व्यक्ति बच्चे से कहे कि “यह बात मम्मी-पापा को मत बताना”, तो इसे खतरे की घंटी समझें। बच्चे को ऐसी हर बात तुरंत अपने परिवार को बतानी चाहिए। - निजी जानकारी साझा न करें
बच्चों को अपना घर का पता, स्कूल का नाम, मोबाइल नंबर या परिवार की जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को नहीं बतानी चाहिए। - रास्ता भटक जाएं तो सही व्यक्ति से मदद लें
यदि बच्चा कहीं खो जाए, तो उसे पुलिसकर्मी, सुरक्षा गार्ड, किसी महिला या परिवार वाले व्यक्ति से मदद मांगनी चाहिए। - खतरा महसूस हो तो जोर से चिल्लाएं
यदि कोई जबरदस्ती पकड़ने या कहीं ले जाने की कोशिश करे, तो बच्चे को जोर-जोर से शोर मचाना चाहिए, मदद के लिए पुकारना चाहिए और सुरक्षित स्थान की ओर भागना चाहिए।
विशेषज्ञों का मानना है कि ये छोटी-छोटी सावधानियां बच्चों को बड़े खतरों से बचा सकती हैं। माता-पिता को समय-समय पर बच्चों से इन नियमों पर चर्चा करनी चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर वे सही फैसला ले सकें।
