सेना में भर्ती को लेकर केंद्र की अग्निपथ योजना को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। पत्थरबाजी, हिंसा और आगजनी की तस्वीरें देश के 13 राज्यों से आ रही हैं। आज 20 जून सोमवार को कुछ संगठनों ने भारत बंद का ऐलान किया है। इसे लेकर RPF और GRP हाईअलर्ट पर हैं।
हालिया हिंसक घटनाओं के बाद RPF और GRP काफी सतर्कता बरत रहे हैं।इस बीच दक्षिण बिहार के औरंगाबाद जिले में 16 और 17 जून को हुए हुड़दंग और दंगे-आगजनी की साजिश में सोशल मीडिया का बहुत बड़ा रोल था। यही कारण है कि पिछले 2 दिन से बिहार के 15 जिलों में इंटरनेट पूरी तरह बंद है जिसे अगले 24 घण्टों के लिए भी बिहार पुलिस ने पत्र लिखकर इंटरनेट को बंद रखने को कहा है।
अब तक की जांच में ये भी पता चला है कि प्रदर्शनकारियों ने उपद्रवियों की भीड़ जुटाने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के साथ फेसबुक पेज और फर्जी फेसबुक एकाउंट्स बनाकर भी लोगों को भड़काया। औरंगाबाद पुलिस ने ऐसे 7 से ज्यादा फेसबुक पेज और एकाउंट्स की पहचान कर उनकी जांच सायबर सेल को सौंप दी है। इसके अलावा औरंगाबाद पुलिस कई मिलिट्री ट्रेनिंग कोचिंग क्लासेस और एकेडमी पर जाकर भी इन्वेस्टिगेशन कर रही है कि इनका रोल क्या था?