नई दिल्ली:– भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ के गठन की दिशा में एक अहम पहल सामने आई है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट की स्थापना का प्रस्ताव भेजा था। अब रक्षा मंत्री ने इस प्रस्ताव पर जवाब देते हुए बताया है कि मामले की जांच और परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
26 जून 2026 को भेजे गए पत्र में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा था कि बस्तर संभाग के आदिवासी युवाओं ने वर्षों से नक्सल विरोधी अभियानों में अपनी वीरता और अदम्य साहस का परिचय दिया है। उन्होंने लिखा कि दुर्गम क्षेत्रों में भी बस्तर के जवान कुशलता से कार्य कर रहे हैं और भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ का गठन राष्ट्रीय सुरक्षा, क्षेत्रीय विकास और सामाजिक स्थिरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बस्तर रेजिमेंट बनने से क्षेत्र के युवाओं को सेना में शामिल होने का बेहतर अवसर मिलेगा, साथ ही क्षेत्र में गौरव, अनुशासन और आर्थिक प्रगति को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस प्रस्ताव के जवाब में 9 जुलाई 2026 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पत्र भेजकर बताया कि उन्हें 26 जून का पत्र प्राप्त हो गया है और बस्तर रेजिमेंट की स्थापना के संबंध में मामले की जांच की जा रही है।।
अब इस पहल को लेकर बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में उम्मीदें बढ़ गई हैं कि यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो भारतीय सेना में बस्तर के नाम से एक नई रेजिमेंट का गठन हो सकता है।
