नई दिल्ली:- 21 जून को होने जा रही नीट की परीक्षा को लेकर वेस्टर्न रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। वेस्टर्न रेलवे ने मीडिया से बात करते हुए जानकारी दी है कि रविवार को होने वाली नीट यूजी की परीक्षा को मद्देनजर रखते हुए कोई भी ‘मेगा ब्लॉक’ नहीं होगा। ट्रेन के निर्धारित समय में एक मिनट की भी देरी नहीं होगी।
किराए में 50 प्रतिशत छूट मिलेगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को IANS से बात करते हुए कहा कि 21 जून को प्रदेश के 59 जनपदों में आयोजित होने वाली नीट की परीक्षा में लगभग साढे़ तीन लाख अभ्यर्थी शामिल है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि परिक्षा में भाग लेने वाले सभी छात्रों को उत्तर प्रदेश राज्यन सड़क परिवहन निगम की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराए में 50 प्रतिशत छूट मिलेगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जो अभ्यर्थी दूसरे जिलों में परीक्षा देने पहुंचेंगे और जिनके पास ठहरने की व्यवस्था नहीं होगी। उनके लिए अस्थायी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
सीएम योगी ने दिए निर्देश
सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो।
दूसरे जिलों से आने वाले छात्रों के लिए अस्थायी ठहरने की व्यवस्था की जाए।
अफवाह और फर्जी जानकारी फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
अफवाहों पर सख्ती
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों, भ्रामक या गलत सूचनाओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर किसी भी प्रकार की अफवाह प्रसारित करने के प्रयासों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और यदि कोई भी व्यक्ति ऐसा करता पाया गया तो उस पर कानूनी कार्यवाही की जायेगी।
बता दें, नीट एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है। सीएम योगी ने निर्देश दिए कि सभी तैयारियां पहले से पूरी होनी चाहिए और परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की जानी चाहिए। किसी भी स्तर पर कोई चूक स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि NEET-UG 2026 को निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही, बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और अफवाहों पर नियंत्रण को भी प्राथमिकता दी गई है।
