छत्तीसगढ़ :– राजधानी रायपुर में इस खास कार्यक्रम में किसान चौपाल-समृद्धि संवाद में कृषि और किसानों से जुड़े मुद्दों पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खास बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार चुनाव के दौरान किए गए हर वादे को पूरा कर रही है. उन्होंने सिंचाई, किसानों, महिलाओं, आदिवासियों, आवास और नक्सलवाद जैसे मुद्दों पर सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश को विकास और सुशासन की नई दिशा दे रही है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य में सिंचाई के रकबे में बड़ी बढ़ोतरी होने जा रही है, जिससे 64 गांवों को फायदा होगा. उन्होंने बताया कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2023 के विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए वादों को लगातार पूरा कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से किए गए वादों के मुताबिक, दो साल का बकाया धान बोनस उनके खातों में ट्रांसफर कर दिया गया है, जिससे लगभग 13 लाख किसानों को फायदा हुआ है. इसके अलावा, सरकार ने 3,100 प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद की है. उन्होंने कहा कि दलहन और तिलहन उत्पादक किसानों को भी अंतर राशि के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जाएगी.
चरण पादुका योजना पर बोले सीएम
सुशासन तिहार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने जनता से सीधे बातचीत करने और विभिन्न योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए 33 में से 31 जिलों का दौरा किया. आदिवासी समुदायों के कल्याण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि चरण पादुका योजना जिसे पिछली सरकार ने बंद कर दिया था, उसे फिर से शुरू किया गया है. इस पहल के तहत तेंदूपत्ता इकट्ठा करने वालों को जूते-चप्पल दिए जा रहे हैं.
महतारी वंदन योजना का किया जिक्र
महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 सीधे उनके बैंक खातों में मिल रहे हैं. वहीं, सरकार बनने के बाद कैबिनेट की पहली ही बैठक में 18 लाख जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना को मंजूरी दी गई.
नक्सलवाद पर क्या बोलें सीएम?
नक्सलवाद पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल-इंजन सरकार इस चुनौती का डटकर सामना किया और राज्य से नक्सलवाद खत्म किया. उन्होंने बताया कि नियद नेल्लानार योजना के तहत सुरक्षा कैंपों के आस-पास के गांवों में सड़कें, बिजली, पीने का पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंचाई जा रही हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य भ्रष्टाचार-मुक्त और पारदर्शी शासन देना है, ताकि विकास योजनाओं का लाभ राज्य के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे सके.
