नई दिल्ली:- महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल और लंबे समय से वांटेड अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। CBI के मुताबिक आरोपी को दुबई से भारत लौटने के बाद हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद हुई तलाशी में जांच से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद किए जाने का दावा किया गया है।
CBI की जांच के अनुसार अभिषेक कुमार कथित तौर पर ‘महादेव बुक’ के तहत चल रहे ऑनलाइन बेटिंग और जुए के नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। जांच एजेंसी का कहना है कि वह बेटिंग पैनल के संचालन और उनके बीच समन्वय, पैसों के कलेक्शन तथा बेटिंग और जुए से अर्जित कथित अवैध रकम को दुबई में अचल संपत्तियों में लगाने से जुड़ा था। CBI के मुताबिक जब्त की गई सामग्री से प्रथम दृष्टया महादेव बेटिंग ऐप के संचालन में उसकी भूमिका सामने आती है।
जांच एजेंसी ने यह भी कहा है कि अभिषेक कुमार कथित तौर पर इस मामले के अन्य प्रमुख आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था। गिरफ्तारी के तुरंत बाद आरोपी को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से CBI को तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड मिला। इसके बाद उसे रायपुर लाकर अदालत में पेश किया गया, जहां से दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की गई।
CBI के अनुसार छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव बेटिंग ऐप से संबंधित अलग-अलग थानों में दर्ज 13 FIR केंद्रीय जांच एजेंसी को ट्रांसफर की थीं। इन मामलों को CBI ने अपने हाथ में लेकर जांच शुरू की। अब तक एजेंसी इस मामले में 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इनमें महादेव बेटिंग ऐप के कथित मुख्य प्रमोटरों के अलावा पैनल संचालक, हवाला ऑपरेटर और छत्तीसगढ़ सरकार के कुछ लोक सेवकों के नाम भी शामिल बताए गए हैं।
CBI ने बताया कि मामले के मुख्य प्रमोटरों को भारत वापस लाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने के प्रयास जारी हैं। एजेंसी के मुताबिक अब तक 7 रेड कॉर्नर नोटिस और 2 एक्सट्राडिशन प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी चल रही है।
CBI का कहना है कि महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच अभी जारी है और फरार आरोपियों का पता लगाने के साथ-साथ कथित अवैध गतिविधियों से अर्जित रकम और उससे जुड़ी संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। एजेंसी ने कहा है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
