
छत्तीसगढ़ः मामूली बात पर किराएदारों में मारपीट, लाठी-डंडों से पिटाई में एक की गई जान, 4 गिरफ्ताररायपुर। राजधानी में मामूली बात पर एक ही मकान में रहने वाले दो किराएदारों के बीच विवाद इतना बढ़ा की लाठी-डंडे तक चल गए. पिटाई इस कदर कर दी की एक किराएदार की मौत हो गई, वहीं दो घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं तीन लोगों की तलाश की जा रही है. जानकारी के अनुसार, देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र स्थित दुर्गा नगर-पंडरी तराई में सतीश यादव ने चार कमरे किराये पर दिया हुआ है. एक कमरे में गोरखपुर, उप्र निवासी पेंटिंग ठेकेदार मो. अहमद (46 वर्ष) के साथ उसका बेटा फैजान अहमद, प्रदीप यादव और 3 अन्य लोग रहा करते हैं. वहीं नीचे के कमरों में देवनारायण विश्वकर्मा व उसका परिवार और सूरज जलछत्री व उसका परिवार किराए पर रहते हैं.
बीती रात करीबन 2.30 बजे अजय विश्वकर्मा उर्फ सोनू व मोहन विश्कर्मा उर्फ मोनू (पिता देवनारायण विश्वकर्मा ), राजेन्द्र जलछत्री (पिता सूरज जलछत्री) व इनका साथी बाबूलाल चौक निवासी कोमल निर्मलकर छत पर चढ़ रहे थे. इस पर मो. अहमद ने मना करते हुए कहा कि रोज ऊपर चढ़ते हो और रात में हल्ला करते हो. इस पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ. इसी दौरान देवनारायण विश्वकर्मा, उसकी पत्नी सरिता विश्वकर्मा व सूरज जलछत्री भी पहुंचे और सभी ने मिलकर मो अहमद, उसके बेटे फैजान और साथ रहने वाले प्रदीप यादव पर चाकू व ईंट से हमला कर दिया.
तीनों घायलों को मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान मो, अहमद की मृत्यु हो गई, वहीं अन्य दो घायलों की स्थित सामान्य है. मामले में देवनारायण विश्वकर्मा, सरिता विश्वकर्मा, सूरूज जलछत्री और अजय विश्वकर्मा उर्फ़ सोनू को गिरफ्तार किया गया है. वहीं रोहन उर्फ़ मोनू, राजेंद्र जलछत्त्री व कोमल निर्मलकर की पतासाजी की जा रही है.