प्रदेश के मुखिया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, देश में सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री (नौवें नंबर) के साबित हुए हैं। हालांकि उसके पहले हुए सर्वे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल देश में नंबर वन मुख्यमंत्री घोषित हुए थे लेकिन इस बार भी उन्होंने 21 राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पीछे छोड़ दिया है जिसमें कांग्रेसशासित राज्यों के सीएम भी शामिल हैं।
इस रेटिंग को लोकअर्पित करते हुए इंडिया टुडे ने दावा किया कि उसने पूरे देश में 119000 से अधिक उत्तर दाताओं को एक सूची दी जिसमें 30 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के नाम शामिल थे उत्तर दाताओं को इन्हीं में से सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय मुख्यमंत्री का चुनाव करना था जो परिणाम आए उसमें पूरे देश के 10 मुख्यमंत्रियों को चुना गया जिसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नौवें स्थान पर हैं। पत्रिका की ताजा रेटिंग इस पर आधारित रही कि पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री कौन है? इसी के दृष्टिगत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को यह स्थान हासिल हुआ है।
सर्वे के मुताबिक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महज 3 साल में ही देशव्यापी लोकप्रियता हासिल की है। श्री बघेल ने जिस तरह ग्राम आधारित विकास, हिंदुत्व, किसान हित इत्यादि के मुद्दे पर काम किया और जिस तरह उनकी योजनाएं पूरे देश में सराही गई, यहां तक की प्रधानमंत्री ने भी इसकी तारीफ की, इन सभी मुद्दों के कारण वे देश में लोकप्रिय रहे।
श्री बघेल ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में भी शक्तिशाली होकर दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। वे गांधी परिवार के विश्वासपात्र हो गए हैं इसीलिए कई राज्यों में उन्हें चुनावों का प्रभारी बनाया जा रहा है। गांधी परिवार सभी राज्यों में, जहां भी चुनाव हो रहे हैं, उन्होंने छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल को आदर्श के तौर पर चुनाव में पेश किया। इसका श्रेय भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को दिया गया। इसीलिए देश की जनता ने उन्हें सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय मुख्यमंत्री के तौर पर घोषित किया है।
सर्वे में नम्बर वन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार तीसरी बार एक सर्वे में देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री चुने गए हैं। इस सर्वे में कहा गया है कि योगी आदित्यनाथ को सर्वे में कुल वोटों का 24 फीसदी मिला, जो कि पिछले सर्वे के मुकाबले 6 प्रतिशत ज्यादा है। इसके चलते उन्हें सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले मुख्यमंत्रियों की लिस्ट में पहला स्थान मिला है।
इंडिया टुडे और कार्वी इनसाइट्स के ‘मूड ऑफ द नेशन’ सर्वे के मुताबिक, देश के टॉप-7 बेहतर प्रदर्शन करने वाले मुख्यमंत्रियों में से 6 गैर-भाजपा और गैर-कांग्रेसी राज्यों से हैं। इनमें सबसे बड़ा नुकसान ममता बनर्जी को हुआ है। योगी आदित्यनाथ से पहले लगातार तीन बार देश की सर्वश्रेष्ठ सीएम रहीं ममता अब चौथे स्थान पर हैं। उन्हें सर्वे में 9 फीसदी वोट मिले, जो कि योगी के मुकाबले एक-तिहाई हैं। दूसरी तरफ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (15 फीसदी वोट) और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी (11 फीसदी वोट) उनसे आगे हैं।
बता दें कि पिछले साल जनवरी में जो सर्वे हुआ था, उसमें योगी आदित्यनाथ को 18 फीसदी जनता ने पहली पसंद करार दिया था। हालांकि, पिछले एक साल में यूपी से बर्बर दुष्कर्म और अपराध की घटनाओं के बाहर आने के बावजूद योगी की छवि पर असर पड़ने की बात कही जा रही थी। इसके बावजूद ताजा सर्वे में लोगों ने योगी पर विश्वास बनाए रखा है। बता दें कि जनवरी 2020 के सर्वे में योगी के बाद केजरीवाल और ममता बनर्जी (11-11 फीसदी वोटों) संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर थे।
इससे पहले अगस्त 2019 के सर्वे में भी योगी को सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाला मुख्यमंत्री करार दिया गया था। तब पहली बार यूपी सीएम ने ममता बनर्जी को पहले स्थान से बेदखल किया था। इससे पहले ममता बनर्जी लगातार तीन बार मूड ऑफ द नेशन पोल में टॉप पर रही थीं।