भोपाल:- मध्य प्रदेश में सर्दी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। उत्तर भारत की ओर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शाजापुर के बाद भोपाल प्रदेश के सबसे ठंडे शहरों में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
मौसम में बदलाव के चलते विभाग ने आज 7 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिसमें रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली जिले, शहडोल और अनूपपुर जिले शामिल हैं. इसके साथ ही राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर चलने का भी अनुमान हैं. मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है।
भोपाल समेत कई जिलों में गिरेगा पारा
ईधर, मौसम का मिजाज अचानक बदलने से केवल रात ही नहीं, बल्कि दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। बारिश और ठंडी हवाओं का असर बढ़ने से प्रदेश में ठिठुरन और तेज होने के आसार हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
इन जिलेों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 21 नवंबर को रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और मंडला जिले में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इन क्षेत्रों में बादल छाने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है. कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
रविवार को भी मौसम रहेगा बदला
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को भी कुछ इलाकों में मौसम बदला रह सकता है। हालांकि सिस्टम कमजोर होने के कारण मध्य प्रदेश में भारी बारिश की आशंका नहीं जताई गई है।
