नई दिल्ली:- शरीर में हाई कोलेस्ट्रॉल का लेवल हार्ट हेल्थ के लिए बहुत हानिकारक होता है. दरअसल, कोलेस्ट्रॉल एक मोम जैसा एक लिपिड फैट होता है, जो विटामिन डी, स्टेरॉयड हार्मोन और पित्त लवण का निर्माण करने के लिए, पूरे शरीर में कोलेस्ट्रॉल लिपोप्रोटीन के रूप में घूमता है और आंत में फैट को तोड़ने में मदद करता है. हालांकि, शरीर में एलडीएल यानी खराब कोलेस्ट्रॉल का बढ़ना, आज के दौर में एक आम समस्या माना जाने लगा है. इसके लिए खासतौर पर जीवनशैली का हिस्सा माने जाने वाले उचित आहार, एक्सरसाइज की कमी सहित कई अन्य फैक्टर्स को जिम्मेदार माना जाता है.
बता दें, बहुत ज्यादा प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थ, तैलीय खाद्य पदार्थ, जंक फूड और सैचुरेटेड फैट खाने से कोलेस्ट्रॉल का लेवल बढ़ सकता है और इसके कारण हार्ट डिजीज और दिल का दौरा पड़ सकता है. इसके साथ ही बता दें कि कम फाइबर खाने से भी कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ सकता है. वहीं, कुछ प्रकार के खाद्य पदार्थों को यदि आप अपने दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाते हैं, तो इससे हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल किया जा सकता है.
खबर में पढ़ें कि हमारी रसोई में मौजूद वे कौन सी 3 सामग्री है जिससे हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल किया जा सकता है…
लहसुन
हम अपने आहार के हिस्से के रूप में कभी-कभी लहसुन खाते हैं. लेकिन लहसुन में कई तरह के पोषक तत्व होते हैं और इसमें कई औषधीय गुण भी पाए जाते हैं. लहसुन के कई फायदे हैं, नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, लहसुन शरीर में कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड के लेवल को कम करने में बहुत उपयोगी माना जाता है. बता दें, रोजाना सुबह लहसुन की 2 कलियां खाने से कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम हो सकता है. अध्ययनों के अनुसार, लहसुन हमारे शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स को कम कर सकता है, इसलिए इसे आहार का हिस्सा जरूर बनाएं. लहसुन में एलिसिन नामक यौगिक होता है, जो हमें स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाता है. आयुर्वेद के अनुसार लहसुन हमारे शरीर में रक्त संचार को बेहतर बनाता है. इससे हृदय संबंधी समस्याएं कम हो जाती हैं. आयुर्वेदिक डॉक्टरों की सलाह है कि लोगों को हर दिन सुबह लहसुन की 2 कलियां खाने की आदत डालनी चाहिए…
अदरक
अक्सर अलग-अलग प्रकार की करी, सूप और चाय में अदरक इस्तेमाल किया जाता है. आयुर्वेदिक डॉक्टरों का कहना है कि अदरक सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है. नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, इसमें सूजन-रोधी गुण होते हैं और अदरक हृदय प्रणाली को स्वस्थ रखता है. कई अध्ययनों से भी पता चलता है कि अदरक शरीर में एलडीएल को कम करता है. कुल मिलाकर लिपिड प्रोफाइल में सुधार होता है. करंट फार्मास्युटिकल डिज़ाइन जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, रोजाना किसी न किसी रूप में अदरक खाने से हाई कोलेस्ट्रॉल का लेवल कम हो सकता है. इससे हृदय स्वस्थ रहता है और यह दिल के दौरे को रोक सकता है.
हल्दी
आमतौर पर हल्दी का उपयोग खाना पकाते समय किया जाता है. हल्दी एक भारतीय मसाला है जिसका इस्तेमाल भोजन में रंग, स्वाद, और पोषण जोड़ने के लिए किया जाता है. नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, हल्दी के कई और फायदे भी हैं, जैसे कि विशेषज्ञों के मुताबिक, हल्दी कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम कर सकता है. हल्दी में पाया जाने वाला यौगिक करक्यूमिन हमारे लिए सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है. यह एक एंटीऑक्सीडेंट के रूप में कार्य करता है. इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं. इसलिए दिल की सेहत के लिए हल्दी खाना बहुत फायदेमंद होता है और यह बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करता है. जानकारों के मुताबिक, रोज रात को दूध में हल्दी मिलाकर पीना बहुत फायदेमंद होता है