नई दिल्ली:– राजधानी दिल्ली में छात्रों के जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे में आधी रात तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास के बाहर धारा 163 लागू की गई है। पुलिस संवेदनशील इलाकों में लगातार चेतावनी जारी कर रही है।
जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का विरोध-प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन को देखते हुए गृह मंत्रालय (MHA) ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नया आदेश जारी किया है। इसके तहत जंतर-मंतर के आसपास 1.5 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं आधी रात तक बंद रहेंगी।
विरोध-प्रदर्शन का असर दिल्ली के कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) की सलाह के बाद कनॉट प्लेस की दुकानों और रेस्टोरेंट को शाम 6:30 बजे के बाद बंद कर दिया गया।
इधर, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं के साथ पेपर लीक के कारण जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि देने गांधी स्मृति पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र भी वहां मौजूद रहे।
छात्रों के विरोध-प्रदर्शन और NEET से जुड़े विवाद के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आंदोलनरत छात्रों से बातचीत की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और छात्रों की चिंताओं का समाधान संवाद के माध्यम से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बातचीत के लिए अपने दरवाजे 24 घंटे खुले रखे हैं।
