
नेशनल डेस्क । कोल की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कोल इंडिया ने कमर कस ली है. सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड चालू वित्त वर्ष में 67 करोड़ टन के प्रोडक्शन के टार्गेट को हासिल करने के लिए कोयले की आपूर्ति और बढ़ाने का प्रयास कर रही है. कोल इंडिया की सभी सब्सिडियरी कंपनियां फिलहाल पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 2021-22 में प्रोडक्शन के आंकड़े में कहीं आगे हैं.
कोल इंडिया के चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल ने सीआईएल की सब्सिडियरीज के सतत प्रयासों तथा उत्साहजनक प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्हें पत्र लिखकर कहा है कि वे चालू वित्त वर्ष का समापन और बेहतर आंकड़ों के साथ करें. कोल इंडिया ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि वित्त वर्ष 2021-22 कंपनी के लिए बेहतरीन प्रदर्शन का साल रहा है और इस दौरान उसने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़े हैं.
चार मार्च तक कंपनी की आपूर्ति 60.81 करोड़ टन रही है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2019-20 के प्रोडक्शन के 60.81 करोड़ टन के टार्गेट को चालू वित्त वर्ष समाप्त होने से करीब चार सप्ताह पहले ही हासिल कर लिया है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2020-21 के प्रोडक्शन के 57.5 करोड़ टन के टार्गेट को इस साल 16 फरवरी को ही हासिल कर लिया था. वित्त वर्ष 2019-20 में कंपनी का प्रोडक्शन का आंकड़ा 58 करोड़ टन रहा था.