नई दिल्ली:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार 9 दिसंबर 2023 को ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के लाभार्थियों को संबोधित किया और कांग्रेस की अगुवाई वाली पिछली सरकारों पर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा कि अगर पिछली सरकारों ने ईमानदारी से काम किया होता तो उनकी तरफ से दी गई गारंटी 50 साल पहले ही पूरी हो गई होती.
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर परोक्ष रूप से हमला बोलते हुए यह भी कहा कि दशकों तक सरकार चलाने वालों ने ईमानदारी से काम नहीं किया. उन्होंने आगे कहा कि कुछ राजनीतिक दल यह सरल बात नहीं समझते कि झूठी घोषणाएं करके उनको कुछ हासिल नहीं होने वाला है.
सेवा सर्वोच्च की भावना रखी होती तो…
प्रधानमंत्री ने यह भी दावा किया, “विपक्षी दलों ने राजनीतिक स्वार्थ की भावना के बजाय ‘सेवा सर्वोच्च’ की भावना रखी होती तो देश की एक बड़ी आबादी गरीबी, परेशानियों और कष्टों से नहीं जूझ रही होती।
हाल ही में 3 राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत पर कहा कि इससे यह स्पष्ट हो गया है कि मोदी की गारंटी में ही दम है. प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं ‘मोदी की गारंटी’ पर भरोसा करने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं।
विधानसभा जीत का लोकसभा चुनावों में पीएम मोदी को मिलेगा बड़ा फायदा
इस बीच देखा जाए तो बीजेपी ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ से मौजूदा कांग्रेस को बाहर कर सत्ता हासिल की है. वहीं, मध्य प्रदेश में एक बार फिर से भारी जीत हासिल की है. इससे भगवा पार्टी ने हिंदी पट्टी में अपनी पकड़ को और मजबूत बनाने का काम किया है।
मोदी की गारंटी’ में छत्तीसगढ़ व राजस्थान में भी नहीं टिक पाई कांग्रेस
90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा में बीजेपी ने 54 सीटों पर जीत हासिल है जबकि कांग्रेस को सिर्फ 35 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा है. कांग्रेस से छीने गए दूसरे राज्य राजस्थान में भी बीजेपी ने 199 में से 115 सीटों पर जबर्दस्त जीत दर्ज कर परचम लहराया है. इतना ही नहीं, बीजेपी ने मध्य प्रदेश में सत्ता विरोधी लहर के बावजूद 230 में से 163 सीटों पर बड़ी जीत हासिल कर ‘मोदी की गारंटी’ का डंका बजाया है।
